बदरबास - गुना-शिवपुरी लोकसभा में भाजपा प्रत्याशी ज्योतिरादित्य सिंधिया के समर्थन में सीएम मोहन यादव ने बदरवास के अग्रवाल धर्मशाला में चुनावी सभा को संबोधित किया। इस दौरान CM मोहन यादव और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को बदरवास में बड़े पैमाने में बनने वाली मोदी जैकेट भी पहनाई गई। साथ ही जोरदार स्वागत किया गया।
सीएम मोहन यादव सभा में पहुंचे विशेष रूप से यादव समाज वोटर को भाजपा की ओर लाने का प्रयास करते हुए धर्म और भगवान कृष्ण से जुड़े कई उदाहरण पेश किए। उन्होंने कहा- भगवान कृष्ण को भी अपने बुआ के लड़के शिशुपाल की बली 100 गलतियां करने बाद देनी पड़ी थी।
अब समय आ गया है समाज को श्रीकृष्ण के चक्र को धारण कर चक्र चलाना है और कमल के फूल की बारिश करनी है। सीएम इस दौरान कांग्रेस प्रत्याशी राव यादवेंद्र सिंह यादव के पिता को याद करते हुए कहा कि राव देशराज सिंह यादव की आत्मा भी आशीर्वाद दे रही होगी।
महाराज आप हमारे साथ आकर भाजपा से चुनाव लढ रहे हैं। इस दौरान सीएम ने यादव समाज से कहा कि आपका वोट महाराज (ज्योतिरादित्य सिंधिया) के नाम जाएगा तो यह वोट भगवान श्रीकृष्ण के नाम जाएगा, मोदी के नाम जाएगा।
अपने संबोधन के आखरी में सीएम मोहन यादव ने कहा- ये मेरी और आपकी इज्जत का सवाल है।
महाराज को वोट भर-भर कर जाने चाहिए। कुल मिलाकर बदरवास में आयोजित चुनावी सभा में सीएम का फोकस यादव वोट बैंक को भाजपा की ओर आकर्षित करने को रहा।
यादव समाज को साधने का किया प्रयास
उन्होंने यादव समाज को साधते हुए कहा कि पहले मुगल थे तब चुनाव नहीं होते थे। उस समय तलवार से बात होती थी। अब कोई कहे कि मैं तलवार चलाना जानता हूं, मैं यादव हूं तलवार चलाना जानता हूं। जो हथियार दोगे सब चला लूंगा। हथियार चलाना भगवान श्रीकृष्ण के समय से चला आ रहा है।
भगवान श्रीकृष्ण ने कंस को मारकर भगवान कृष्ण ने शिक्षा-दीक्षा का उत्कृष्ठ उदाहरण दिया है। भगवान कंस को मारने के बाद कुर्सी पर नहीं बैठे। ये हमारे यादव समाज की परंपरा हैं। हमारा समाज कुर्सी का भूखा नहीं है। हमारा समाज शिक्षा-दीक्षा की महत्व को समझता है। यादव समाज हमेशा धर्म के मार्ग पर चलता है।
कृष्ण जन्मभूमि की ओर किया इशारा
सीएम मोहन यादव ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि राम को न मानने वालों ने राम मंदिर बनने में अड़ंगा लगाए थे। फिर भी मंदिर बना जब मंदिर बना तो कांग्रेस के अहंकारी लोगों ने प्राण प्रतिष्ठा के निमंत्रण को अस्वीकार कर दिया। उन्हें लगा की पाकिस्तान वाले बुला रहे हैं।
ये कांग्रेस और उनके गठबंधन का अहंकार है। सीएम ने मंच से कहा कि अभी तो भगवान राम का मंदिर बना है, ये लोग जमुना जी वाले कृष्ण को भूल रहे हैं। वह भी बनेगा। उन्होंने द्वारकाधीश मंदिर बनाने की भी बात कही। कांग्रेस का गठबंधन और घमंड दोनों देख लिया है।