शिवपुरी। खबर शिवपुरी के कलेक्ट्रेट परिषर से आ रही है जहाँ आज शहर मे नगर पालिका अध्यक्ष के खिलाफ नगर पालिका के पंप अटेंडरों ने मोर्चा खोल दिया। पंप अटेंडरों ने नगर पालिका अध्यक्ष, पार्षद पति और उनके ड्राइवर पर फिजिकल सम्पवेल में घुसकर एक पंप अटेंडर के साथ मारपीट करने सहित उसे अध्यक्ष के वाहन में डालकर पीटते हुए नपा सीएमओ आवास तक ले जाने के आरोप लगाए हैं। वहीं नपा अध्यक्ष ने पंप अटेंडरों के आरोप को झूठा बताया है। गौरतलब है कि शहर में इन दिनों सिंध जलावर्धन से पानी की सप्लाई न होने क चलते पानी की समस्या विकराल रूप धारण कर चुकी हैं।
पंप अटेंडर अजय शर्मा ने बताया कि वह आज गुरुवार की सुबह फिजिकल सम्पवेल पर अपनी डयूटी कर रहा था। इसी दौरान सुबह 7:30 बजे फिजिकल सम्पवेल पर नगर पालिका अध्यक्ष गायत्री शर्मा आई उसके साथ वार्ड नंबर-27 के पार्षद का पति राजू बाथम और उनका ड्राइवर सोनू शर्मा भी था। सम्पवेल पर वाल लीक होने से पानी पहले से फेल रहा था। उसके बारे में पूछा तो मैंने बताया वाल लीक है। इस बात पर गुस्से में आकर मुझे सम्पवेल के अंदर कमरे में बंद कर लिया। फिर नगर पालिका अध्यक्ष गायत्री शर्मा और वार्ड-27 के पार्षद का पति राजू बाथम और उसके ड्राइवर सोनू शर्मा ने बेरहमी से मारपीट की। अध्यक्ष ने पानी की टंकी का सप्लाई रजिस्टर भी फेंक दिया साथ ही अपने ड्राइवर से मुझ को पानी की टंकी से फेंकने को कहा। नगर पालिका अध्यक्ष इतने पर ही नहीं रुकी। उन्होंने कमरे का दरवाजा खोल कर घसीटते हुए अपनी कार में डाल के CMO निवास तक ले गईं। जहां रास्ते में भी उसे पीटा गया।
नपा उपाध्यक्ष ने अध्यक्ष पर लगाए गंभीर आरोप
बता दें की पंप अटेंडर अजय शर्मा के साथ हुई मारपीट के बाद सभी पंप अटेंडर नपा उपाध्यक्ष सरोज रामजी व्यास के घर न्याय की फरियाद लेकर पहुंचे थे। जहां नपा उपाध्यक्ष पति रामजी व्यास ने नपा अध्यक्ष गायत्री शर्मा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहां नपा अध्यक्ष दो साल से नपा कर्मचारियों और पंप अटेंडरों के साथ मारपीट करती हुईं आ रही है। कर्मचारियों के साथ ऐसा व्यवहार करना आम बात है। दो साल में पेयजल समस्या से निपटने के लिए किसी भी पार्षद के साथ मिलकर बैठक तक नहीं की है। गर्मी को शुरू हुए तीन माह गुजर चुके हैं। लेकिन उनके द्वारा कोई व्यवस्था नहीं की गई। उन्होंने कहा कि नगर पालिका के कर्मचारियों पर हाथ उठाना भूलना होगा। अगर कर्मचारी गलती पर भी तो उस पर कार्रवाई होनी चाहिए न कि उसे बंधक बनाकर मारपीट करना चाहिए। ऐसे में अगर आगामी समय में नपा अध्यक्ष ने इस प्रकार की हरकत की तो वह खुद उनके खिलाफ मोर्चा खोल देंगे।
नगर पालिका के पंप अटेंडरों ने मारपीट के विरोध में पहले फिजिकल थाना पहुंचकर नपा अध्यक्ष गायत्री शर्मा, पार्षद पति राजू बाथम और उनके ड्रायवर सोनू शर्मा के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की जब पंप अटेंडरों मांग पूरी नहीं हुई। इसके बाद पंप अटेंडरों ने पैदल मार्च कर सभी कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचे। इस बीच कोर्ट रोड़ और कलेक्ट्रेट परिषर में नगर पालिका अध्यक्ष के खिलाफ मुर्दावाद के नारे लगाए गए। इस दौरान नगर पालिका के पंप अटेंडरों ने कलेक्टर से नपा अध्यक्ष गायत्री शर्मा, पार्षद पति राजू बाथम और उनके ड्राइवर सोनू शर्मा के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग की गई।
इनका कहना है
मै फिजिकल सम्पवेल पर पहुंची हुई थी। जहां पंप अटेंडर केपी सिंह कोठी के पास की टंकी का वाल्व बंद कर सम्पवेल की टंकी में पानी छोड़ रहा था। जबकि उसे केपी सिंह कोठी के पास की टंकी को प्राथमिकता से भरना था। उसकी इस लापरवाही के चलते उसे सीएमओ के पास ले गई थी। पंप अटेंडर के मारपीट के आरोप निराधार है। जिस पंप अटेंडर ने आरोप लगाए है। उस पर पैसे लेकर पानी छोड़ने के आरोप लग चुके हैं
गायत्री शर्मा, नगर पालिका अध्यक्ष शिवपुरी