स्मैक बेचने की फिराक में खड़ा आरोपी गिरफ्तार, 18.08 ग्राम स्मैक और बोलेरो जब्त

samwad news
0
कोतवाली पुलिस की कार्रवाई, जब्त सामग्री व वाहन की कुल कीमत 10.60 लाख रुपये

शिवपुरी: कोतवाली पुलिस ने नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक युवक को स्मैक बेचने की कोशिश करते हुए गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 18.08 ग्राम स्मैक बरामद की है, जिसकी कीमत करीब 3.60 लाख रुपए बताई गई है। इसके साथ ही पुलिस ने आरोपी के पास से एक बुलेरो वाहन भी जब्त किया है। जब्त स्मैक और वाहन की कुल कीमत करीब 10.60 लाख रुपए आंकी गई है।

कोतवाली थाना प्रभारी रोहित दुबे ने बताया कि 29 अगस्त को पुलिस को सूचना मिली थी कि एक युवक बुलेरो वाहन से ग्रीन व्यू होटल के सामने कच्चे रास्ते पर स्मैक बेचने की नीयत से खड़ा है। सूचना की तस्दीक और कार्रवाई के लिए पुलिस टीम को मौके पर रवाना किया गया।

पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर देखा तो बुलेरो क्रमांक एमपी33-सी-9169 खड़ी थी। वाहन में एक युवक बैठा हुआ था। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे नीचे उतारा और पूछताछ की। युवक ने अपना नाम महेश गुर्जर पुत्र जगदीश गुर्जर, उम्र 25 वर्ष, निवासी छिरारी, करैरा, शिवपुरी बताया।

इसके बाद पुलिस ने युवक की तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसकी जींस की पैंट की दायीं जेब में एक पारदर्शी पन्नी मिली, जिसमें 18.08 ग्राम स्मैक रखी हुई थी। पुलिस के अनुसार बरामद स्मैक की कीमत करीब 3 लाख 60 हजार रुपए है। आरोपी इसे अवैध रूप से बेचने की नीयत से लेकर मौके पर मौजूद था।

पुलिस ने मौके से स्मैक और बुलेरो वाहन जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। मामले में कोतवाली थाने में अपराध क्रमांक 670/26, धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।

पुलिस अब आरोपी से स्मैक की सप्लाई और उसके स्रोत के संबंध में पूछताछ कर रही है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर नशे के कारोबार से जुड़े अन्य लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
Tags

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)