रक्षाबंधन पर घर सूना छोड़ना पड़ा भारी, ठेकेदार के घर लाखों की चोरी, 27 तोला सोना-4 किलो चांदी और 4 लाख कैश पार

samwad news
0
शिवपुरी के फिजिकल थाना क्षेत्र में रविवार को एक सूने मकान से करीब 60 लाख रुपए के सोने-चांदी के जेवर और नकदी चोरी का मामला सामने आया है।

चोर मकान के तीन कमरों के ताले तोड़कर करीब 27 तोला सोना, 4 किलो चांदी और 4 लाख रुपए नकद ले गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

घटना दौलत सिंह होटल के पीछे रहने वाले ठेकेदार मातादीन अग्रवाल के घर की है। वह अपनी पत्नी रश्मि अग्रवाल के साथ 28 अगस्त को रक्षाबंधन के लिए कानपुर स्थित अपनी ससुराल गए थे।

रविवार रात दंपती घर लौटे तो मकान के तीन कमरों के गेट के ताले टूटे मिले। घर के अंदर सामान बिखरा हुआ था। जिस कमरे में अलमारी रखी थी, उसका दरवाजा भी टूटा मिला। अलमारी से सोने-चांदी के जेवर और नकदी चोरी

27 तोला सोना समेत 60 लाख का सामान चोरी

पत्नी रश्मि अग्रवाल के अनुसार, अलमारी में करीब 27 तोला सोने और 4 किलो चांदी के जेवर रखे थे। इसके अलावा घर में 4 लाख रुपए नकद रखे थे।

उन्होंने बताया कि मकान की दूसरी मंजिल पर निर्माण कार्य चल रहा है। इसी के खर्च के लिए नकदी घर में रखी गई थी। चोरी हुए सोने-चांदी के जेवर पुश्तैनी बताए गए हैं।

पुलिस CCTV कैमरे खंगाल रही

घटना के तरीके को देखते हुए पुलिस को आशंका है कि चोरों ने वारदात से पहले मकान की रेकी की। परिवार के बाहर जाने की जानकारी जुटाई होगी।

पुलिस यह भी जांच कर रही है कि चोरी 28 अगस्त की रात हुई या इसके बाद। आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

डॉग स्क्वॉड-फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट ने सबूत जुटाए

चोरी की सूचना मिलने के बाद फिजिकल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। डॉग स्क्वॉड और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट टीम ने भी मौके से सुराग जुटाने का प्रयास किया।

पुलिस आसपास के CCTV फुटेज के आधार पर संदिग्धों की जानकारी जुटा रही है। फिलहाल अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी गई है
Tags

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)