शिवपुरी में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के लिए लगाए गए धार्मिक बैनर और पोस्टर फाड़ने का मामला सामने आया है। घटना से नाराज यादव समाज और हिंदू समाज के लोग रविवार को खनियांधाना थाने पहुंचे। उन्होंने थाना प्रभारी को आवेदन देकर अज्ञात लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
समाजजनों के अनुसार, 29 अगस्त की शाम यादव समाज की ओर से नगर के प्रमुख मार्गों और चौराहों पर भगवान श्रीकृष्ण के बैनर और पोस्टर लगाए गए थे। आरोप है कि रात करीब 11 बजे से 11:40 बजे के बीच चार अज्ञात लोगों ने इन बैनरों को फाड़कर सड़क पर फेंक दिया।
समाज के लोगों ने कहा कि धार्मिक बैनरों के साथ तोड़फोड़ से उनकी भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने पुलिस से मामले की जांच कर आरोपियों की पहचान करने की मांग की
सीसीटीवी फुटेज खंगालने की मांग
थाने में दिए आवेदन में घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जांचने की मांग की गई है। समाजजनों ने आरोपियों के खिलाफ धार्मिक भावनाएं आहत करने और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने सहित उचित धाराओं में एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।
48 घंटे में कार्रवाई नहीं हुई तो चक्काजाम
आवेदन में कहा गया है कि 48 घंटे के भीतर आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई नहीं की गई, तो यादव समाज नगर के मुख्य मार्ग पर चक्काजाम करेगा। समाज ने ऐसी स्थिति के लिए पुलिस प्रशासन को जिम्मेदार ठहराने की बात कही है। फिलहाल पुलिस ने आवेदन स्वीकार कर लिया है और मामले की जांच की जा रही है।