हत्या के प्रयास के मामले में फरार 30 हजार रुपए का इनामी बदमाश गिरफ्तार

samwad news
0
शिवपुरी। कोतवाली पुलिस ने हत्या के प्रयास सहित गंभीर धाराओं के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे 30 हजार रुपए के इनामी बदमाश प्रभात रावत को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी को शिवपुरी रेलवे स्टेशन से पकड़ा। आवश्यक कार्रवाई के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस के अनुसार, 27 अप्रैल 2026 को सिंहनिवास निवासी जयसिंह पुत्र कंचन रावत उम्र 39 वर्ष ने थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। फरियादी ने आरोप लगाया था कि प्रमोद रावत, प्रभात रावत, प्रकट रावत, रोहित धाकड़, दुष्यंत धाकड़, दीपक रावत, राजकुमार रावत, पवन रावत, अरुण उर्फ छोटू रावत, रवि जाट, आदित्य उपाध्याय और अंकेश दीक्षित सहित अन्य आरोपियों ने एकजुट होकर उसके साथ गाली-गलौज की और लोहे की रॉड, सरिया व डंडों से मारपीट की। आरोपियों पर जान से मारने की धमकी देने तथा 315 बोर की बंदूक और पिस्टल से जान से मारने की नीयत से फायर करने का भी आरोप लगाया गया था। फरियादी की रिपोर्ट पर थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 326/26 दर्ज कर विभिन्न धाराओं के तहत मामला विवेचना में लिया गया। पुलिस के मुताबिक मामले में पूर्व में 10 आरोपियों की गिरफ्तारी की जा चुकी थी, जबकि आरोपी प्रभात रावत पुत्र करन सिंह रावत, उम्र 34 वर्ष, निवासी सिंहनिवास फरार चल रहा था।

24 अगस्त को घोषित हुआ था 30 हजार का इनाम
फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी। पुलिस महानिरीक्षक, ग्वालियर द्वारा 24 अगस्त 2026 को प्रभात रावत की गिरफ्तारी पर 30 हजार रुपए के इनाम की घोषणा की गई थी। पुलिस अधीक्षक शिवपुरी यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देशन में फरार आरोपी की पतारसी और गिरफ्तारी के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामदास प्रजापति तथा नगर पुलिस अधीक्षक सचिन कुमार धुर्वे के मार्गदर्शन में कोतवाली थाना प्रभारी रोहित दुबे ने पुलिस टीम गठित की।

रेलवे स्टेशन से पुलिस ने दबोचा
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में कोतवाली पुलिस लगातार आरोपी की तलाश में जुटी थी। इसी दौरान 7 सितंबर 2026 को आरोपी प्रभात रावत को शिवपुरी रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए आरोपी को न्यायालय में पेश किया।

आरोपी पर दर्ज हैं 15 आपराधिक मामले
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी आपराधिक प्रवृत्ति का है। उसके खिलाफ पूर्व से लूट, हत्या के प्रयास, मारपीट, बलवा, अड़ीबाजी तथा आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न गंभीर अपराध दर्ज हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी के खिलाफ कुल 15 अपराध दर्ज हैं। उसके विरुद्ध पूर्व में जिला बदर और एनएसए की कार्रवाई भी की जा चुकी है। उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक रोहित दुबे, उपनिरीक्षक आदित्य प्रताप सिंह राजावत, सुमित शर्मा, विवेक भट्ट, अरविन्द जाटी, प्रधान आरक्षक गजेन्द्र परिहार, विनय सिंह, अवतार सिंह, आरक्षक राहुल कुमार, देवेंद्र रावत, कुलदीप चतुर्वेदी, रणवीर शर्मा, राहुल रजक, सुमित सेंगर, महिला आरक्षक सीतू सिंह तथा चालक आरक्षक शरद यादव की विशेष भूमिका रही।
Tags

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)