कोलारस में जनसंवाद शिविर हुआ आयोजित, हितग्राहियों को मिला योजनाओं की लाभ

samwad news
0
शिवपुरी-शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाने और उनकी समस्याओं का स्थानीय स्तर पर त्वरित निराकरण करने के उद्देश्य से 'मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026' संचालित किया जा रहा है। यह अभियान 07 अगस्त 2026 से शुरू हुआ है जो  08 जनवरी 2027 तक चलाया जा रहा है। इसके अंतर्गत नगर परिषद के सामने कोलारस में एक भव्य जनसंवाद शिविर का सफल आयोजन किया गया।
कोलारस विधायक महेंद्र सिंह यादव के मुख्य आतिथ्य एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विजय राज की अध्यक्षता में आयोजित शिविर का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर त्वरित समाधान करना और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम छोर के पात्र व्यक्ति तक पारदर्शी तरीके से पहुँचाना रहा। इसके साथ ही जनसंवाद कर लोगों की समस्याओं को जानना और निराकरण करना है।
शिविर के दौरान विधायक महेंद्र यादव एवं सीईओ विजय राज ने एक-एक कर आमजन की समस्याएँ सुनीं और कई मामलों में मौके पर ही निराकरण सुनिश्चित किया। वहीं शेष समस्याओं के निराकरण हेतु संबंधित विभागीय अधिकारियों को तुरंत आवेदन सौंपते हुए समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
​विधायक महेंद्र सिंह यादव ने शिविर को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान की रूपरेखा और इसके जन कल्याणकारी उद्देश्यों के बारे में उपस्थित नागरिकों को विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का मुख्य उद्देश्य अंतिम छोर के व्यक्ति तक शासकीय योजनाओं का लाभ पारदर्शी और सुलभ तरीके से पहुंचाना है। इसके साथ ही उन्होंने उपस्थित विभागीय अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि शिविर में आने वाले आम नागरिकों के आवेदनों एवं समस्याओं का निराकरण संवेदनशीलता के साथ शीघ्र अति शीघ्र सुनिश्चित करें, ताकि आमजन को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विजय राज द्वारा कोलारस स्थित आदर्श आंगनवाड़ी केंद्र मानीपुरा का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण और स्वच्छता व्यवस्थाओं का जायजा लिया। साथ ही तौल मशीन की कार्यप्रणाली जांचने, तौल रजिस्टर को नियमित मेंटेन करने और कीट-पतंगों से बचाव हेतु खिड़कियों में जाली लगवाने के निर्देश दिए।
इसी क्रम में सीईओ विजय राज ने कोलारस के वार्ड क्रमांक 01 स्थित आंगनवाड़ी केंद्र का भी औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कम वजन वाले बच्चों की जानकारी ली, उपस्थिति व ग्रोथ मॉनिटरिंग रजिस्टर की जांच की तथा एनआरसी में भेजे गए बच्चों के स्वास्थ्य में आए सुधार की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों व कार्यकर्ताओं को कम वजन वाले बच्चों के अभिभावकों को जागरूक करने तथा अति कुपोषित बच्चों को तत्काल एनआरसी में भर्ती कराने के कड़े निर्देश दिए।
शिविर के दौरान विभिन्न शासकीय योजनाओं के तहत पात्र हितग्राहियों को मौके पर ही लाभ एवं स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए। खाद्यान्न सुरक्षा के तहत चन्द्रकली लोधी, वन्दना विश्वकर्मा, सबनम बानो, हेमलता जाटव, जुवेदा बानो, पूजा कुशवाहा, राजकुमारी, भूरिया पाल, विश्वास सहरिया, कमलेश बाई केवट, मनीषा जाटव, गायत्री जाटव, सोनू कुशवाहा, सोनम जाटव, ललिता खटीक, लाली बाई एवं लक्ष्मी जाटव को राशन पात्रता पर्ची का वितरण किया गया। आर्थिक सुरक्षा के क्षेत्र में संबल योजना के अंतर्गत सोनू जाटव (रामकिशन मानीपुरा) को ₹4,00,000 की दुर्घटना सहायता राशि स्वीकृत की गई, जबकि अदम सिंह एवं लालाराम जाटव को ₹30,000-₹30,000 की लिमिट राशि के क्रेडिट कार्ड सौंपे गए।

रोजगार व स्वरोजगार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पी.एम. स्ट्रीट वेंडर और पी.एम. स्वनिधि योजना के तहत कृष्णा बाई कुशवाहा, रूविना बानो, रजिया बानो, शैलेन्द्र सिंह, धर्मेन्द्र कुशवाहा, राकेश खटीक, सोनू रजक एवं बद्रीप्रसाद नामदेव को ₹50,000 की वित्तीय सहायता व आवास योजना का लाभ दिया गया। स्वास्थ्य सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए बुद्धो आदिवासी, रघुवीर आदिवासी एवं लखन आदिवासी को ₹5 लाख तक के नि:शुल्क इलाज हेतु आयुष्मान कार्ड प्रदान किए गए। वहीं बालिका प्रोत्साहन योजना के तहत काव्या वाचम, किशोरी शाक्य, पूर्वी शाक्य एवं शानवी यादव को लाडली लक्ष्मी योजना के प्रमाण पत्र वितरित किए गए।

इस अवसर पर  जनपद अध्यक्ष भरत सिंह चौहान, नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती प्रियंका शिवहरे, पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष रविंद्र शिवहरे ,एसडीएम कोलारस शिवदयाल धाकड़ सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में हितग्राही उपस्थित रहे।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)