पैरालीगल वालंटियर्स ने घर-घर जाकर दी नालसा की 13 योजनाओं एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी
शिवपुरी-राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण एवं मध्य प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के निर्देशन में चलाए जा रहे मेगा ड्राइव अभियान के तहत शुक्रवार को चिन्हित ग्राम हातौद में विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
यह आयोजन प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश राजेन्द्र प्रसाद सोनी के निर्देशन एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण शिवपुरी की सचिव श्रीमती रंजना चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
अभियान के दौरान जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के पैरालीगल वालंटियर संदीप व्यास एवं कुमारी रीता बाथम ने ग्राम हातौद में घर-घर (डोर-टू-डोर) जाकर नालसा द्वारा संचालित 13 प्रमुख विधिक योजनाओं के साथ-साथ शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी ग्रामीणों को प्रदान की।
जागरूकता के साथ-साथ पैरालीगल वालंटियर्स ने ग्रामीणों की समस्याओं को सुना तथा उनके त्वरित समाधान हेतु संबंधित शासकीय विभागों में संपर्क करने एवं विधिवत आवेदन प्रस्तुत करने की प्रक्रिया के बारे में मार्गदर्शन दिया। इस दौरान मौके पर ही 5 जरूरतमंद ग्रामीणों के समस्याएं सुलझाने हेतु आवेदन पत्र तैयार कराए गए।