शिवपुरी: राधा-कृष्ण मंदिर के पास सरेआम बिक रहा नशा, वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासन की चुप्पी पर उठे सवाल

samwad news
0
शिवपुरी के धार्मिक स्थलों के आसपास नशे का काला कारोबार अपनी जड़ें जमा चुका है। शहर के प्रसिद्ध राधा-कृष्ण मंदिर के पास से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहाँ कुछ युवक सरेआम स्मैक के टिकट बेचते हुए वीडियो में कैद हुए हैं। स्थानीय सूत्रों के हवाले से इस अवैध धंधे में ललित यादव, परन यादव, भरत यादव और दिनेश यादव के नाम सामने आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि ये लोग पिछले कई वर्षों से इस क्षेत्र में नशे का जाल फैलाए हुए हैं और बेखौफ होकर इस काली कमाई में लगे हैं।
हैरानी की बात यह है कि इन आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी पुलिस प्रशासन द्वारा एफआईआर दर्ज की जा चुकी है, लेकिन इसके बावजूद इनके हौसले पस्त नहीं हुए हैं। आज यह स्थिति है कि मंदिर जैसे पवित्र स्थान के बाहर भी ये लोग बिना किसी डर के नशा बेच रहे हैं, जिसका प्रमाण वायरल हो रहे वीडियो में साफ देखा जा सकता है। अब जनता के बीच यह सवाल तेजी से उठ रहा है कि आखिर ऐसी क्या मजबूरी है जो प्रशासन इन चिन्हित आरोपियों पर कड़ी कार्यवाही नहीं कर पा रहा है। बार-बार कानून की गिरफ्त में आने के बाद भी इनका खुलेआम नशा बेचना पुलिस की कार्यप्रणाली और सूचना तंत्र पर गंभीर सवालिया निशान खड़े करता है। स्थानीय नागरिकों ने वरिष्ठ अधिकारियों से इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजने की मांग की है।
Tags

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)