शिवपुरी-कलेक्टर अर्पित वर्मा ने सोयाबीन भावान्तर भुगतान योजना के लंबित पेमेंट के संबंध में बैंक शाखा प्रबंधकों को निर्देश जारी किए हैं और जिन 6 किसानों के भुगतान लंबित है उन्हें समय पर भुगतान करने के निर्देश दिए हैं।
सोयाबीन भावांतर भुगतान योजना के अंतर्गत जिले के 6 कृषकों के बैंक खातों में लंबित राशि हस्तांतरित की जाएगी। मध्य प्रदेश राज्य कृषि विपणन बोर्ड ग्वालियर के निर्देशों के तहत 6 किसानों के खातों में कुल 1 लाख 05 हजार 372 रुपये की स्वीकृत राशि दी जाना है।
भावांतर भुगतान योजना के अंतर्गत तहसीलवार लाभान्वित होने वाले किसानों में बैराड़ तहसील के नैनागढ़ गांव की श्रीमती बसंती तिवारी पति संतचरण को 9,947 रुपये तथा बरोद गांव के भोटू धाकड़ पिता गयालाल को 17,100 रुपये, बदरवास तहसील के बारोद गांव के विवेक यादव पिता केदार सिंह को 3,706 रुपये, शिवपुरी तहसील के कांकर गांव के कोमल सिंह पिता मानसिंह रावत को 15,355 रुपये, खरईभाट गांव के राधाकिशन शर्मा पिता प्रेमनारायण को 19,764 रुपये एवं चिटोरा गांव के रविन्द्र चक पिता रामसिया को 39,500 रुपये की राशि प्रदान की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि जिन कृषकों का पूर्व में भावांतर भुगतान असफल या लंबित रहा था, शासन के निर्देशों के तहत उनकी राशि भुगतान की जाना है। स्टेट बैंक ऑफ इंडिया से संबंधित किसानों के व्यक्तिगत बैंक खातों में सीधे आरटीजीएस के जरिए जमा की जाएगी।