जिला स्तरीय शालेय खेल प्रतियोगिता में नरवर की छात्राओं का दबदबा कबड्डी में करैरा को दोनों मुकाबलों में दी करारी शिकस्त, 22-6 और 18-7 से दर्ज की जीत

samwad news
0
शिवपुरी। जिले में जिला स्तरीय शालेय खेल प्रतियोगिता का आयोजन मंगलवार को तात्या टोपे शारीरिक शिक्षा महाविद्यालय के मैदान पर किया गया। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न विकासखंडों से बालक एवं बालिका वर्ग के खिलाड़ी शामिल हुए। प्रतियोगिता के दौरान कबड्डी, नेटबॉल, हॉकी, फुटबॉल सहित विभिन्न खेलों के मुकाबले आयोजित किए जा रहे हैं। मैदान पर खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन के चलते पूरे दिन उत्साह का माहौल बना रहा। कबड्डी प्रतियोगिता में नरवर की जूनियर छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए करेरा की टीम को लगातार दो मुकाबलों में शिकस्त दी। दोनों ही मुकाबलों में नरवर की खिलाड़ियों ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों ने तेज रेड के जरिए अंक जुटाए, वहीं मजबूत टैकल के दम पर करेरा की खिलाड़ियों को अंक हासिल करने से रोका। पहले मुकाबले में नरवर की टीम ने शानदार खेल दिखाते हुए करेरा को 22-6 के बड़े अंतर से पराजित किया। इसके बाद हुए दूसरे मुकाबले में भी नरवर की छात्राओं ने अपना दबदबा कायम रखा और 18-7 से जीत दर्ज की। दोनों मुकाबलों के दौरान खिलाड़ियों के बीच प्रत्येक अंक के लिए जोरदार संघर्ष देखने को मिला। जीत के लिए खिलाड़ियों ने मैदान पर पूरी ताकत झोंक दी, वहीं दर्शक भी तालियां बजाकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते नजर आए।

प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को मिलेगा आगे बढ़ने का अवसर
जिला स्तरीय प्रतियोगिता में जिले के अलग-अलग विकासखंडों से पहुंचे खिलाड़ी विभिन्न खेलों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रतियोगिता का उद्देश्य स्कूली विद्यार्थियों को खेल प्रतिभा दिखाने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराना है। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को आगामी बड़ी प्रतियोगिताओं में जिले का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा प्रतियोगिता के सफल आयोजन में जिला खेल निरीक्षक चंद्रशेखर वेमेटे का महत्वपूर्ण योगदान रहा। उनके साथ यादवेंद्र चौधरी, अब्दुल रजाक खान, भगवत शर्मा, बसंत, बृजमोहन जाट, नीरज सरैया, मनोज खत्री, नीरजा भार्गव, रेखा शर्मा, घनश्याम और शुभी रानी सहित खेल शिक्षकों एवं सहयोगी स्टाफ ने आयोजन में सहयोग किया।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)