शिवपुरी में स्मैक के दो वीडियो वायरल, एक में खरीद-फरोख्त तो दूसरे में सड़क किनारे सिरिंज से नशा करता दिखा युवक

samwad news
0
नशे से दूरी है जरूरी’ अभियान के बीच सामने आए वीडियो ने पुलिस की कार्रवाई पर उठाए सवाल

शिवपुरी। शहर में स्मैक के नशे और इसकी खरीद-फरोख्त से जुड़े दो वीडियो सामने आने के बाद नशे के कारोबार को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। एक वीडियो में कुछ युवक कथित तौर पर स्मैक की खरीद-बिक्री को लेकर सौदेबाजी करते नजर आ रहे हैं, जबकि दूसरे वीडियो में एक युवक सड़क किनारे बैठकर सिरिंज के जरिए नशा करता दिखाई दे रहा है। खास बात यह है कि जिले में पुलिस द्वारा लगातार ‘नशे से दूरी है जरूरी’ अभियान चलाया जा रहा है, इसके बावजूद सार्वजनिक स्थानों पर नशे से जुड़े वीडियो सामने आना चिंता का विषय है।

वार्ड नंबर 17 में खुलेआम सौदेबाजी का वीडियो
पहला वीडियो शहर के लुधावली क्षेत्र के वार्ड नंबर 17 का बताया जा रहा है। वीडियो में कुछ युवक कथित रूप से स्मैक की खरीद-बिक्री को लेकर बातचीत और सौदेबाजी करते नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने इसमें दिखाई दे रहे युवकों की पहचान शुरू कर दी है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि वीडियो में नजर आ रहे युवक कौन हैं और उनका नशे की खरीद-बिक्री से क्या संबंध है। पहचान होने के बाद पुलिस द्वारा मामले में नियमानुसार कार्रवाई की बात कही जा रही है।

रेत मंडी में सड़क किनारे सिरिंज से नशा
दूसरा वीडियो हवाई पट्टी के पास लगने वाली रेत मंडी का बताया जा रहा है। इसमें एक युवक सड़क किनारे बैठकर सिरिंज के जरिए नशा करता दिखाई दे रहा है। युवक को खुलेआम नशा करते देखकर वहां मौजूद दो लोगों ने उसे पकड़ लिया और सार्वजनिक स्थान पर नशा करने को लेकर फटकार लगाई। इस दौरान पूछताछ में युवक ने खुद को ईंट के कारोबार से जुड़ा बताया और फिजिकल थाना क्षेत्र का निवासी होना बताया।

पुलिस कर रही वीडियो में दिख रहे युवकों की पहचान
देहात थाना प्रभारी विकास यादव ने बताया कि स्मैक की खरीद-बिक्री से संबंधित एक वीडियो सामने आया है। वीडियो में दिखाई दे रहे युवकों की पहचान की जा रही है। पहचान होने के बाद मामले में कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। लगातार चलाए जा रहे नशा विरोधी अभियान के बीच सामने आए इन वीडियो ने शहर में स्मैक की उपलब्धता और सार्वजनिक स्थानों पर नशे के सेवन को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Tags

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)