कराहल घाटी में अनियंत्रित होकर पलटी बालाजी बस, 9 यात्री घायल श्योपुर से ग्वालियर जा रही बस हादसे का शिकार, चालक मौके से फरार; पुलिस ने शुरू की जांच

samwad news
0
श्योपुर। श्योपुर से ग्वालियर जा रही बालाजी बस मंगलवार शाम करीब 4 बजे कराहल घाटी के पास अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे में बस में सवार 9 यात्री घायल हो गए। दुर्घटना के बाद बस में चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। हादसा इतना अचानक हुआ कि यात्रियों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। बस के पलटने की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने में मदद की। इसके बाद सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों की पहचान लोहरते, गोपाल, बलदेव सिंह, सुनीता, मोतीलाल, रौशनलाल, प्रियंका, हरपाल और गुड्डी के रूप में हुई है। इनमें कुछ यात्रियों को हल्की चोटें आई थीं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। दुर्घटना के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलने पर कराहल पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे की जांच शुरू कर दी है। पुलिस फरार चालक की तलाश कर रही है।

अनियंत्रित होने का कारण स्पष्ट नहीं
कराहल पुलिस के मुताबिक शुरुआती जानकारी में बस के अनियंत्रित होकर पलटने की बात सामने आई है। हालांकि बस अचानक किस वजह से अनियंत्रित हुई, इसका वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस यात्रियों और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर घटना की जानकारी जुटा रही है। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। दुर्घटनाग्रस्त बस को सड़क से हटाने का काम भी किया जा रहा है, ताकि मार्ग पर यातायात को सामान्य किया जा सके। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)