त्योहारों को लेकर प्रशासन अलर्ट, सड़कों की मरम्मत से लेकर विसर्जन तक के इंतजामों के निर्देश गणेश उत्सव, डोल ग्यारस और अनंत चतुर्दशी पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बैठक, नियम तोड़ने वालों पर होगी कार्रवाई

samwad news
0
शिवपुरी। गणेश चतुर्थी, डोल ग्यारस और अनंत चतुर्दशी को देखते हुए जिला प्रशासन ने जिले में शांति, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने की तैयारियां शुरू कर दी हैं। आगामी 14 सितंबर को गणेश चतुर्थी, 22 सितंबर को डोल ग्यारस और 25 सितंबर को अनंत चतुर्दशी के आयोजन को लेकर मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में सद्भावना एवं समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अपर जिला मजिस्ट्रेट दिनेश चंद्र शुक्ला ने की। बैठक में अधिकारियों और समिति सदस्यों के साथ त्योहारों के दौरान कानून व्यवस्था, यातायात, विद्युत, स्वास्थ्य, स्वच्छता और प्रतिमा विसर्जन की व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रशासन ने संबंधित विभागों को व्यवस्थाएं समय रहते दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं बैठक में समिति सदस्यों ने कस्टम गेट, सदर बाजार, कोर्ट रोड, राजपुरा रोड, लुहारपुरा सहित कई मार्गों पर गड्ढों की समस्या उठाई। इस पर अपर जिला मजिस्ट्रेट ने लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन यंत्री और मुख्य नगरपालिका अधिकारी को निर्देश दिए कि गणेश प्रतिमाओं के चल समारोह वाले मार्गों का निरीक्षण कर गड्ढों की तत्काल मरम्मत कराई जाए। गणेश विसर्जन के लिए अमोला पुल और गणेश कुंड, जाधव सागर रोड को निर्धारित किया गया है। इन स्थानों पर 22 से 25 सितंबर तक साफ-सफाई, पेयजल, क्रेन, टेंट, कुर्सियां, माइक और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। निर्धारित स्थलों के अलावा अन्य स्थानों पर विसर्जन नहीं करने के लिए शहर में मुनादी कराने को भी कहा गया है।

डीजे और लाउडस्पीकर पर रहेगी नजर
त्योहारों के दौरान ध्वनि विस्तारक यंत्रों और लाउडस्पीकर के उपयोग में मध्यप्रदेश कोलाहल नियंत्रण अधिनियम और सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों का पालन अनिवार्य रहेगा। एसडीएम और एसडीओपी को डीजे एवं बैंड संचालकों की बैठक लेकर नियमों की जानकारी देने के निर्देश दिए गए हैं। नियमों का उल्लंघन होने पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। विसर्जन स्थलों पर सुरक्षा को लेकर होमगार्ड और पुलिस को विशेष इंतजाम करने के निर्देश दिए गए हैं। गोताखोरों को टॉर्च, रस्सी और आवश्यक उपकरणों के साथ तैनात किया जाएगा। पानी में सुरक्षित दूरी भी चिह्नित की जाएगी। इसके अलावा कंट्रोल रूम स्थापित करने और विसर्जन मार्गों पर विद्युत तारों की ऊंचाई व सुरक्षा की जांच करने के निर्देश विद्युत विभाग को दिए गए हैं।

पंडालों में सुरक्षा के इंतजाम जरूरी
प्रशासन ने गणेश पंडाल और झांकी आयोजकों से अपील की है कि प्रतिमाएं पारंपरिक अथवा पूर्व स्वीकृत स्थानों पर ही स्थापित करें और चल समारोह निर्धारित पारंपरिक मार्गों से ही निकालें। पंडालों में अग्निशामक यंत्र, रेत और पानी की व्यवस्था रखने तथा खुले विद्युत तारों का इस्तेमाल नहीं करने को कहा गया है। विद्युत व्यवस्था की जांच कुशल इलेक्ट्रिशियन से कराने और अस्थाई विद्युत कनेक्शन लेने के निर्देश दिए गए हैं। सुरक्षा के लिए पंडालों में 24 घंटे जिम्मेदार सदस्यों की तैनाती करने और उनके नाम व मोबाइल नंबर पुलिस को उपलब्ध कराने को कहा गया है। मूर्तिकारों और आयोजकों से 10 फीट से अधिक ऊंची प्रतिमाओं का निर्माण नहीं करने की अपील की गई है।

अनंत चतुर्दशी पर भी विशेष व्यवस्था
25 सितंबर को अनंत चतुर्दशी के अवसर पर जैन मंदिर, पुरानी शिवपुरी से निकलने वाली शोभायात्रा और हुसैन टेकरी पर आयोजित सभा को लेकर भी प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को सफाई एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही फिजिकल रोड पर गणेश प्रतिमाओं की खरीदारी के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू रखने और सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर आकस्मिक चिकित्सीय दल तैनात रखने के निर्देश दिए गए हैं।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)