शिवपुरी। खबर जिला चिकित्सालय से आ रही है जहाँ जिले के सुभाषपुरा थाना क्षेत्र के मुडखेड़ा गांव में एक 24 साल के युवक ने अपना मोबाइल गुम हो जाने के चलते फांसी लगाकर सुसाइड कर लिया। तो वहीं मृतक की मां ने बेटे की सुसाइड का जिम्मेदार उसकी पत्नी को भी ठहराया है। सुभाषपुरा थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का आज शुक्रवार को पोस्टमॉर्टम कराया है। जिला मुख्यालय पर अपने बेटे के शव को पोस्टमॉर्टम हाउस लेने पहुंची 50 वर्षीय अंगूरी बाई पत्नी इंदर सिंह ने बताया कि वह अपने छोटे बेटे के साथ पनिहार गई हुई थी। रात में ज़ब आकर देखा तो उसके 24 साल के बेटे धर्मवीर आदिवासी का शव घर में फांसी के फंदे पर लटका हुआ मिला था।
जिसके चलते परिजन उसे तत्काल सतनबाड़ा अस्पताल लेकर पहुंचे थे। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। अंगूरी ने बताया कि उसके बेटे धर्मवीर की शादी नहीं हुई है। इसके बाद उसने अपने पति को छोड़ कर आई एक महिला को पत्नी बनाकर रख लिया था। बेटे की पत्नी उसे परेशान करने लगी थी। उसकी पत्नी कुछ दिन पहले घर से चली गई थी। इससे धर्मवीर डिप्रेशन में रहने लगा था। बीते रोज धर्मवीर का मोबाइल चोरी हो गया था। उसने यह बात मुझे फोन कर बताई थी। वह मुझसे मोबाइल के कागजात के बारे में पूछताछ कर रहा था। उसका बेटा पत्नी से पहले से ही परेशान था इसके बाद उसका मोबाइल भी चोरी हो गया। इसके चलते उसके बेटे ने फांसी लगाकर सुसाइड कर लिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।