शिवपुरी। अंतरराष्ट्रीय जानकी सेना संगठन ने मां जानकी प्रकटोत्स्व को शासकीय मान्यता दिलाने के लिए व्यापक जनजागरण अभियान शुरू करने की घोषणा की है। संगठन के अनुसार, इस अभियान के तहत मध्य प्रदेश के विभिन्न जिलों में ज्ञापन, पत्रकार वार्ता, जनसंपर्क और सामाजिक संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
जानकारी के अनुसार संगठन चरणबद्ध रणनीति के तहत प्रदेशभर में जनसमर्थन जुटाएगा और अंत में राजधानी भोपाल में बड़ी पदयात्रा एवं मांग प्रदर्शन आयोजित करने की योजना है। अभियान के दौरान विभिन्न सामाजिक संगठनों, संत-महात्माओं और जनप्रतिनिधियों से भी सहयोग लेने की बात कही गई है।
संगठन का कहना है कि उसका उद्देश्य मां जानकी से जुड़े सांस्कृतिक और ऐतिहासिक महत्व को व्यापक पहचान दिलाना तथा इस विषय पर शासन का ध्यान आकर्षित करना है। इसके लिए जिला स्तर पर ज्ञापन सौंपने और लोगों को अभियान से जोड़ने की अपील भी की गई है।