प्रभारी मंत्री की अस्वस्थता के चलते कलेक्टर ने किया ध्वजारोहण, 12 प्लाटून के मार्च-पास्ट ने बढ़ाया समारोह का गौरव

samwad news
0
शिवपुरी जिले में 80वां स्वतंत्रता दिवस शनिवार को हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। जिला स्तरीय मुख्य समारोह पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित हुआ। प्रभारी मंत्री के अस्वस्थ होने के कारण कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा ने सुबह 9:05 बजे राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इसके बाद राष्ट्रगान हुआ और कलेक्टर ने संयुक्त परेड का निरीक्षण कर सलामी ली।

समारोह में मुख्य अतिथि का आगमन सुबह 8:58 बजे हुआ, जिसके बाद राष्ट्रगीत का गायन किया गया। ध्वजारोहण के उपरांत पुलिस बल सहित विभिन्न टुकड़ियों ने मार्च पास्ट किया। इस दौरान हर्ष फायर भी किया गया।
संयुक्त परेड में कुल 12 प्लाटून शामिल थीं। परेड का नेतृत्व प्रोबेशनल डीएसपी नितिन धुर्वे ने किया, जबकि 2IC भानु प्रताप यादव ने परेड व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

CM के संदेश का लाइव प्रसारण

सुबह 9:30 बजे मुख्यमंत्री के संदेश का लाइव प्रसारण किया गया। मुख्यमंत्री के संदेश के बाद कलेक्टर अर्पित वर्मा ने जिले में हुए विकास कार्यों, शासन की योजनाओं और हितग्राहीमूलक योजनाओं के तहत पात्र लाभार्थियों को दिए गए लाभ की जानकारी दी। उन्होंने जिले की उपलब्धियों का भी उल्लेख किया और बधाई संदेश का वाचन किया।
विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं समारोह में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों का सम्मान किया गया। स्कूली विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिससे माहौल और उत्साहपूर्ण हो गया। इसके बाद विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों, प्रतिभागियों और अन्य कर्मियों को पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र वितरित किए गए।

कार्यक्रम में एसपी यांगचेन डोलकर भूटिया अपने बच्चों के साथ उपस्थित थीं। कलेक्टर अर्पित वर्मा की पत्नी भी समारोह में शामिल हुईं। इसके अतिरिक्त, शिवपुरी विधायक देवेंद्र जैन, भाजपा जिला अध्यक्ष जसवंत जाटव, जिला पंचायत अध्यक्ष नेहा यादव, नगर पालिका अध्यक्ष गायत्री शर्मा सहित प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि, पुलिस अधिकारी-कर्मचारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी, स्कूली विद्यार्थी और बड़ी संख्या में शहरवासी मौजूद रहे।
पूरे समारोह के दौरान पुलिस परेड ग्राउंड देशभक्ति के रंग में रंगा रहा। तिरंगे की शान, परेड के अनुशासन, बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और देशभक्ति के नारों से समारोह स्थल का माहौल उत्साह और गौरव से परिपूर्ण था।
Tags

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)