शिवपुरी। जिले के करैरा थाना क्षेत्र में 23 साल की महिला ने पति और देवर पर गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का कहना है कि पति के अफेयर का पता चला तो उसने दिन में पीटा। बात को दबाने के लिए रात में उसके देवर ने दुष्कर्म किया। गुरुवार को महिला करैरा थाने पहुंची और पति, देवर समेत ससुरालवालों की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने देवर के खिलाफ दुष्कर्म, पति और सास-ससुर के खिलाफ मारपीट की धाराओं में केस दर्ज किया है। महिला की शादी आज से ठीक तीन महीने पहले हुई थी। उधर, सास ने बहू पर आरोप लगाया है कि वह शादी के बाद से ही परेशान कर रही है। अब 50 लाख रुपए की मांग कर रही है। मांग नहीं मानने पर झूठे केस में फंसा दिया है। महिला ने पुलिस को बताया कि वह छतरपुर की रहने वाली है। उसकी शादी तीन माह पहले 6 मार्च 2024 को करैरा थाना क्षेत्र में हुई थी। पति इंदौर में व्यापार करता है, इसलिए शादी के दो दिन बाद ही वह इंदौर चला गया था। 17 अप्रैल को पति घर लौटा। यहां फोन के माध्यम से पता चला कि उसका इंदौर में किसी से अफेयर है। मैंने विरोध किया तो उसने बेहरमी से पीटा और किसी को कुछ भी नहीं बताने के लिए धमकाया। रात में पति कमरे में आया। कुछ देर बाद उठकर कहीं चला गया। थोड़ी देर बाद देवर कमरे में आया और दुष्कर्म किया।
पति और ससुरालवालों की प्रताड़ना के कारण वह मायके चली गई। गुरुवार को माता-पिता के साथ करैरा थाने पहुंची और केस दर्ज करवाया। जहाँ करैरा पुलिस ने महिला की शिकायत पर देवर के खिलाफ धारा 376, पति, सास-ससुर के खिलाफ धारा- 323, 294, 506, 34 में मामला दर्ज किया है।
एसपी से बोली सास- बहू और उसकी मां 50 लाख मांग रही
इधर, महिला की सास ने बहू की शिकायत एसपी के समक्ष दर्ज कराई है। उसने बहू पर आरोप लगाया कि उसके बेटे की शादी को तीन माह हुए हैं। बहू पूरे घर को परेशान कर रही है। वह आत्महत्या कर केस में फ़ंसाने की धमकी देती रहती थी। बेटे के साथ भी झगड़ती है। बहू ने पहले ही घर का सारा सामान अपने मायके भेज दिया है। बहू और उसकी मां 50 लाख रुपए की मांग कर रही है। बहू ने छोटे बेटे को दुष्कर्म के झूठे केस में फंसा दिया है, जबकि बेटा शिवपुरी में रहकर पढ़ाई कर रहा है। इसके साथ ही बहू ने बड़े बेटे और उसके व उसके पति के खिलाफ झूठा मामला दर्ज करा दिया है