एक नेता के स्वागत में खड़ा रहता है पूरा तंत्र, किसानों की सुनने वाला कोई नहीं: बृजेश सिंह धाकड़

samwad news
0
 बुधवार, 10 जून को दोपहर 12:00 बजे भारतीय किसान संघ जिला इकाई शिवपुरी के नेतृत्व में जिले की समस्त तहसील इकाइयों के पदाधिकारियों एवं किसानों ने कलेक्ट्रेट परिसर के समक्ष एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन आयोजित किया। इस अवसर पर किसानों की विभिन्न समस्याओं के समाधान हेतु पांच सूत्रीय मांगों को लेकर माननीय मुख्यमंत्री, मध्यप्रदेश शासन के नाम ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन में निम्न प्रमुख मांगें रखी गईं—
1. ई-टोकन एवं खाद वितरण व्यवस्था में सुधार
ई-टोकन सर्वर की धीमी गति के कारण किसान अत्यधिक परेशान हैं तथा खेती के महत्वपूर्ण समय में खाद प्राप्त करने में कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं। मांग की गई कि सर्वर को प्रभावी रूप से संचालित किया जाए, सभी ग्रामीण सहकारी समितियों पर पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराई जाए तथा बंद पड़े नगद खाद वितरण केंद्रों को तत्काल प्रारंभ किया जाए।
2. फार्मर आईडी एवं ई-टोकन सुविधा का विस्तार
प्रत्येक हल्का पटवारी को गांव-गांव जाकर किसानों की फार्मर आईडी बनाने एवं ई-टोकन बुकिंग कराने के निर्देश दिए जाएं। वर्तमान में बड़ी संख्या में फार्मर आईडी के प्रकरण लंबित हैं, जिससे किसानों को अनावश्यक परेशानी हो रही है।
3. राजस्व प्रकरणों का समयबद्ध निराकरण
नामांतरण, फौती नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन एवं नाम सुधार जैसे राजस्व प्रकरणों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए। विशेष रूप से निर्विवाद सीमांकन प्रकरणों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराया जाए।
4. खटका-आबादपुर के पट्टाधारकों को न्याय
तहसील बैराड़ के ग्राम खटका-आबादपुर में वर्ष 2002 में हरिजन एवं आदिवासी परिवारों को दिए गए पट्टों का आज तक पूर्ण लाभ नहीं मिल पाया है। 28 सीमांकन आवेदन लंबित हैं तथा अनेक भूमियों पर अवैध कब्जे हैं। मांग की गई कि शीघ्र सीमांकन कराकर पात्र परिवारों को उनका वैधानिक अधिकार दिलाया जाए।
5. नाम सुधार प्रक्रिया का सरलीकरण
खसरा-खतौनी एवं कंप्यूटर रिकॉर्ड में नाम संबंधी त्रुटियों के सुधार हेतु किसानों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते हैं। दस्तावेज उपलब्ध होने पर नाम सुधार की प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी एवं त्वरित बनाया जाए।
भारतीय किसान संघ ने प्रशासन एवं शासन से किसानों की इन ज्वलंत समस्याओं का शीघ्र समाधान करने की मांग करते हुए कहा कि यदि समस्याओं का समयबद्ध निराकरण नहीं किया गया तो संगठन किसानों के हित में आगे भी लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा।
ज्ञापन कार्यक्रम में मुख्य रूप से प्रांतीय पदाधिकारी पवन जी शर्मा, संभागीय अध्यक्ष कल्याण जी यादव, संभागीय सदस्य राजेश जी वर्मा, जिला सदस्य विवेक जी व्यास, जिला अध्यक्ष बृजेश सिंह धाकड़, जिला मंत्री बृजेश जी शर्मा, प्रचार प्रमुख भानु प्रताप जी यादव, सह प्रचार प्रमुख दीपेंद्र जी पाल, जिला उपाध्यक्ष योगेश जी वर्मा सहित जिले एवं समस्त तहसीलों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
भारत माता की जय। 
Tags

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)