शिवपुरी। पुलिस मुख्यालय द्वारा संचालित "नशे से दूरी 2.0" अभियान के अंतर्गत बुधवार को महिला थाना पुलिस एवं माँ शारदा जिला नशा मुक्ति केन्द्र के संयुक्त तत्वावधान में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में नशामुक्ति जनजागरण को गति देने के लिए नशामुक्ति वाहन (एंबुलेंस) एवं ई-स्कूटी को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया, जो घर-घर पहुंचकर लोगों को नशा छोड़ने के लिए प्रेरित करेगी तथा जरूरतमंदों को नशामुक्ति सेवाओं से जोड़ेगी।
इस अवसर पर महिला थाना प्रभारी सोनम रघुवंशी एवं गूँजता भारत की संपादक एवं पत्रकार मणिका शर्मा ने संयुक्त रूप से नशामुक्ति वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उपस्थित लोगों को नशामुक्त रहने की शपथ दिलाई गई तथा नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए समाज को नशामुक्त बनाने का संकल्प दिलाया गया।
कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधारोपण भी किया गया। वक्ताओं ने कहा कि स्वस्थ समाज और स्वस्थ जीवन के लिए स्वच्छ एवं हरित पर्यावरण का होना अत्यंत आवश्यक है। इसलिए नशामुक्ति के साथ-साथ प्रकृति संरक्षण भी समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता है।
इस अवसर पर दिनेश कुमार श्रीवास्तव (प्रोजेक्ट इंचार्ज, माँ शारदा जिला नशा मुक्ति केन्द्र), राम अवतार मौर्य, आरिफ खान, रफीक अहमद, पद्म मौर्य, उमाचरण श्रीवास्तव, सुनील कुशवाह सहित महिला थाना का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।
कार्यक्रम में सभी ने नशामुक्त समाज के निर्माण और अधिक से अधिक लोगों को इस अभियान से जोड़ने का संकल्प लिया।