शिवपुरी-जिला मुख्यालय पर आयोजित साप्ताहिक मंगलवार की जनसुनवाई में कलेक्टर अर्पित वर्मा ने सैकड़ों आवेदकों की समस्याओं और शिकायतों को पूरी संवेदनशीलता एवं गंभीरता के साथ सुना। कई मामलों में उन्होंने मौके पर ही त्वरित निराकरण किया, वहीं शेष आवेदनों के लिए उपस्थित अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए।
जनसुनवाई में ग्राम लालगढ़ निवासी दिव्यांग उम्मेद सेन पुत्र स्व. बाबू सेन ने आवेदन देकर बताया कि पहले वह अपना पारंपरिक काम करते थे, लेकिन पिछले 4-5 महीनों से बीमार होने के कारण काम करने में असमर्थ हैं। उन्होंने आर्थिक सहायता की गुहार लगाई। आवेदक की स्थिति को देखते हुए कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा ने तत्काल रेड क्रॉस से 10,000 रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत कर जनसुनवाई में ही आवेदक को 10,000 रुपये का चैक सौंपा।
इसी प्रकार, पुराना बस स्टैंड निवासी बुजुर्ग सूरज प्रकाश गुप्ता भी अपनी समस्या लेकर पहुंचे। चलने-फिरने और सुनने की समस्या से ग्रसित बुजुर्ग की स्थिति को देखते हुए कलेक्टर के निर्देश पर सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग द्वारा त्वरित कार्रवाई की गई। कलेक्टर वर्मा ने बुजुर्ग को जनसुनवाई में ही सामाजिक न्याय विभाग के माध्यम से हियरिंग एड, नी ब्रेस, एल.एस. बेल्ट एवं छड़ी प्रदान की।
कलेक्टर अर्पित वर्मा ने अधिकारियों को ताकीद करते हुए कहा कि जनसुनवाई का मुख्य उद्देश्य दूर-दराज से आने वाले आमजन की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी और समयबद्ध समाधान करना है। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को आवेदनों के निराकरण में पूरी गंभीरता और संवेदनशीलता बरतने के निर्देश दिए।