स्वामित्व योजना से पटवारियों ने बनाई दूरी, 15 सितंबर से काम नहीं करने का ऐलान

samwad news
0
शिवपुरी। मध्यप्रदेश पटवारी संघ ने स्वामित्व अधिकार अभिलेख निष्पादन एवं पंजीयन-2026 योजना के तहत होने वाले कार्यों से पटवारी संवर्ग को अलग रखने की मांग को लेकर मंगलवार को कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। जिलाध्यक्ष बलराम सिंह धाकड़ के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पटवारियों ने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन देकर अपनी मांगें रखीं।
पटवारी संघ ने मांग की कि स्वामित्व योजना में पंजीयन, ई-केवाईसी और अभिलेख निष्पादन से जुड़े व्यक्तिगत दायित्व पटवारियों पर न डाले जाएं। संघ का कहना है कि पंजीयन दस्तावेजों में पटवारी को निष्पादक बनाए जाने से भविष्य में जमीन की सीमा, क्षेत्रफल, नाम, वारिसान, हिस्सेदारी, कब्जे अथवा पूर्व सर्वेक्षण से जुड़ी त्रुटियों को लेकर व्यक्तिगत कानूनी दायित्व उत्पन्न हो सकता है।
संघ ने कहा कि स्वामित्व योजना से जुड़े कार्य पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के माध्यम से कराए जाना अधिक उचित होगा। पटवारी आवश्यक सहयोग देने के लिए तैयार हैं, लेकिन व्यक्तिगत कानूनी दायित्व वाले कार्यों से उन्हें अलग रखा जाए।
फार्मर आईडी और जियो टैग गिरदावरी पर भी आपत्ति
पटवारी संघ ने फार्मर आईडी और जियो टैग गिरदावरी के कार्यों को लेकर भी आपत्ति जताई। इसके साथ ही वेतन विसंगति, ग्रेड-पे, कैडर रिव्यू और पदोन्नति सहित लंबित सेवा संबंधी समस्याओं के निराकरण की मांग भी ज्ञापन में शामिल की गई।
संघ ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो प्रदेश स्तर पर आंदोलन किया जाएगा। मांगों की अनदेखी होने पर कलमबंद आंदोलन की चेतावनी भी दी गई है।
Tags

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)