शिवपुरी के करैरा में सोशल मीडिया पर धार्मिक यात्रा से जुड़ी पोस्ट पर किए गए कमेंट को लेकर रविवार को हंगामा हो गया। लोगों ने करैरा थाने के बाहर कई घंटे तक प्रदर्शन किया। आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की। पुलिस ने मामला दर्ज किया, जिसके बाद प्रदर्शन खत्म हो गया।
कुछ दिन पहले करैरा कस्बे से मां कैलादेवी, करौली के लिए धार्मिक यात्रा निकली थी। इस यात्रा से जुड़ी एक पोस्ट सोशल मीडिया पर शेयर की गई थी। आरोप है कि करैरा निवासी आशीष गोयल ने इस पोस्ट पर आपत्तिजनक कमेंट किया।
कमेंट सामने आने के बाद लोगों में नाराजगी फैल गई। इसके बाद बड़ी संख्या में लोग आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर करैरा थाने पहुंचे। प्रदर्शन में महिलाएं भी शामिल थीं।
लोगों ने पुलिस से आरोपी के खिलाफ तुरंत एफआईआर दर्ज करने की मांग की। थाने के बाहर करीब डेढ़ घंटे तक प्रदर्शन चलता रहा। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को समझाने की कोशिश की, लेकिन वे एफआईआर दर्ज होने तक मांग पर अड़े रहे।
नरेंद्र साहू की शिकायत पर केस दर्ज
बाद में पुलिस ने नरेंद्र साहू पुत्र स्वरूप नारायण साहू की शिकायत पर आशीष गोयल निवासी करैरा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 299 के तहत मामला दर्ज किया। पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एफआईआर दर्ज होने के बाद थाने के बाहर चल रहा प्रदर्शन खत्म हो गया। इसके बाद स्थिति सामान्य हो गई।