शिवपुरी। भगवान श्री बलराम जन्मोत्सव के शुभ अवसर पर शिवपुरी जिले में पहली बार जिला स्तरीय विशाल एवं भव्य चल समारोह का आयोजन बड़े ही हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ किया गया। आयोजन को लेकर किरार समाज बंधुओं सहित आमजनों में भारी उत्साह और भक्तिमय माहौल देखने को मिला।
प्रमुख मार्गों से निकला भव्य चल समारोह
समारोह की शुरुआत किरार छात्रावास, शिवपुरी से पूजा-अर्चना के साथ हुई। इसके पश्चात भव्य चल समारोह नगर के प्रमुख मार्गों से होता हुआ आगे बढ़ा। यह चल समारोह घोड़ा चौराहा, एमएम हॉस्पिटल, राजेश्वरी मैया मंदिर, गुरुद्वारा चौक, बड़ा चौराहा, कोर्ट रोड, अस्पताल चौराहा और कस्टम गेट से होते हुए गांधी पार्क पर संपन्न हुआ। चल समारोह के दौरान जगह-जगह श्रद्धालुओं और समाज बंधुओं द्वारा पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। समारोह समापन के उपरांत घोड़ा चौराहे के पास स्थित लवकुश वाटिका में सभी के लिए भोजन (प्रसादी) की व्यवस्था की गई।
मानस भवन में हुआ प्रतिभावान छात्र-छात्राओं का सम्मान
चल समारोह के पश्चात मानस भवन, शिवपुरी में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जहां किरार समाज की विभिन्न प्रतिभाओं को स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्रीय सांसद दर्शन सिंह चौधरी उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व शिक्षा मंत्री राजकुमार पटेल, पूर्व राज्य मंत्री सुरेश राठखेड़ा और पूर्व विधायक प्रहलाद भारती ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अतिथियों ने भगवान बलराम के आदर्शों पर चलने का संदेश दिया और समाज की प्रतिभाओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस दौरान किरार समाज के वरिष्ठ पदाधिकारी, युवा और बड़ी संख्या में समाज जन उपस्थित रहे।